चित्रकूट के मारकुंडी स्टेशन पर बुधवार सुबह दानापुर क्लोन विशेष साप्ताहिक ट्रेन (06509) को रोके जाने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। पहले से करीब 12 घंटे देरी से चल रही ट्रेन को बीच रास्ते रोके जाने और मूलभूत सुविधाएं न मिलने से यात्री आक्रोशित हो गए। बेंगलुरु से दानापुर जा रही इस ट्रेन को मानिकपुर-सतना खंड में दूसरी ट्रेन को पास कराने के लिए रोका गया था। यात्रियों का आरोप है कि बोगियों और प्लेटफॉर्म पर पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, जिससे परेशानी और बढ़ गई। ट्रेन रुकते ही यात्री नीचे उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए यात्रियों ने सिग्नल मिलने के बावजूद ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दिया। स्थिति बिगड़ने पर रेल प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और करीब एक घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। घटना के दौरान स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply