DniNews.Live

संभल में सर्वर डाउन, गैस बुकिंग में दिक्कत:ग्रामीण उपभोक्ता एजेंसी आने को मजबूर, रात में बुकिंग की सलाह

संभल में गैस सिलेंडर बुकिंग सर्वर डाउन होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर बुकिंग न होने के कारण उन्हें सिलेंडर भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर के लिए गैस एजेंसियों तक आना पड़ रहा है। जनपद संभल की 39 गैस एजेंसियों पर बुधवार को सर्वर डाउन की शिकायतें सामने आईं। इससे गैस एजेंसी पहुंचे उपभोक्ताओं को बुकिंग में परेशानी हुई। इंडियन गैस एजेंसी के प्रबंधन ने बताया कि उपभोक्ता गैस, व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से गैस बुक कर सकते हैं। एजेंसी के बाहर एक नोटिस भी लगाया गया है, जिसमें सर्वर डाउन के कारण देर से बुकिंग होने की जानकारी दी गई है। उपभोक्ताओं को रात 10 बजे के बाद या सुबह 5-6 बजे के आसपास बुकिंग करने की सलाह दी गई है। जनपद में प्रतिदिन लगभग 13,000 उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुक कर रहे हैं, जबकि रोजाना 12,500 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है। तहसील चंदौसी के गांव रचैटा निवासी जगतपाल ने बताया कि उन्होंने 21 तारीख को सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अभी तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है। उन्हें तीन-चार दिन बाद सिलेंडर मिलने की बात कही जा रही है। पहले सिलेंडर गांव में ही मिल जाता था, लेकिन अब उन्हें चंदौसी आना पड़ रहा है। एक अन्य उपभोक्ता कुंवरपाल ने बताया कि उन्होंने 19 तारीख को बुकिंग की थी और तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें ‘आज-कल’ कहकर टाला जा रहा है और सिलेंडर नहीं दिया जा रहा। जिला पूर्ति अधिकारी शिवी गर्ग ने बताया कि जनपद में गैस आपूर्ति को लेकर कोई परेशानी नहीं है। उनके अनुसार, सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में 39 गैस एजेंसियां हैं, जिनसे 4.50 लाख उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। कैलादेवी इंडियन गैस एजेंसी के मलिक नितेश चौधरी ने बताया कि गैस को लेकर कोई परेशानी नहीं है। एक साथ गैस बुक करने पर सर्वर डाउन हुआ है जिसकी वजह से गैस बुकिंग को लेकर दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि गैस बुक होने के बाद जिसके पास मैसेज आ रहा है उसको गैस अगले दिन ही मिल जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी एजेंसी की किसी भी उपभोक्ता को परेशान नहीं होने दिया जा रहा है। कुछ उपभोक्ताओं के द्वारा इमरजेंसी बताने पर उन्हें जल्दी से जल्दी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। देखें दो फोटो…

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *