बाराबंकी के रामनगर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर स्थित प्राचीन ललिता मैया मंदिर में नवरात्रि के सातवें दिन बुधवार रात करीब 8 बजे भव्य आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आरती कार्यक्रम में शिवराम गुप्ता, मोहित मिश्र, अमित नाग, राजकुमार निगम और रामनाथ ने माइक के माध्यम से गणेश जी, माता काली, मां दुर्गा, संतोषी माता, हनुमान जी एवं भैरव बाबा की आरती गाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन और आरती की मधुर धुनों पर श्रद्धालु ताली बजाते हुए भाव-विभोर नजर आए। मंदिर के अध्यक्ष सतीश चंद्र अग्रवाल और महामंत्री कुलदीप गुप्ता ने बताया कि नवरात्रि के दौरान यहां हर वर्ष विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि माता की कृपा से श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और मंदिर में आस्था रखने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कार्यक्रम के अंत में विधि-विधान से पूजन कर माता को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत माहौल बना दिया। इस अवसर पर मुख्य पुजारी राजू मिश्र, पुजारी पिंटू माली, पूर्व प्रधान कलावती, अवधेश शुक्ल, संजय अग्रवाल, रामचंद्र गुप्ता, प्रवीण कुमार अवस्थी, विमल कुमार सोनी, हर्षित जैन, मोहित जैन, धर्मेंद्र जैन, विजय गुप्ता, सचिन रावत, के.के. शुक्ल सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply