DniNews.Live

फिरोजाबाद में टिन शेड से किशोर की गर्दन कटी, मौत:बस से बाहर झांक रहा था, बरात में आया था

फिरोजाबाद में एक बरात में शामिल होने आए 14 वर्षीय किशोर की बस से बाहर झांकते समय दुकान के टिनशेड से गर्दन कटने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार शाम चार बजे रामगढ़ के आकाशवाणी रोड पर हुई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान अलीगढ़ के कौड़ियागंज, अकराबाद निवासी मुहम्मद कैफ के रूप में हुई है। वह अपने पिता राहत खां के साथ पड़ोसी कासिम की बरात में शामिल होने फिरोजाबाद आया था। बरात आकाशवाणी रोड से होते हुए एक गेस्ट हाउस जा रही थी। सड़क संकरी होने के कारण बस को निकलने में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान, कैफ खिड़की से सिर निकालकर पीछे की तरफ देख रहा था। बस के आगे बढ़ते ही एक दुकान के बाहर निकले टिनशेड से उसकी गर्दन कट गई।
टिनशेड का किनारा नुकीला होने के कारण कैफ की गर्दन आधे से ज्यादा कटकर लटक गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर बरातियों और आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ोसी मुनव्वर ने बताया कि कैफ हाफिज की पढ़ाई कर रहा था। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और शादी की रस्म केवल औपचारिकता बनकर रह गई। इंस्पेक्टर संजीव दुबे ने जानकारी दी कि पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *