DniNews.Live

चित्रकूट में सामूहिक दुष्कर्म किया:कोर्ट के आदेश पर चार आरोपियों पर FIR दर्ज, झांसा देकर साथ ले गए थे

चित्रकूट जिले के सदर कर्वी कोतवाली क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर एक सराफा दुकानदार सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता मूल रूप से बांदा जिले की निवासी है और वर्तमान में कर्वी के शंकर बाजार क्षेत्र में रहती है। उसने बताया कि लगभग छह माह पहले वह बदौसा और कर्वी के एक सराफा दुकानदार के यहां जेवर खरीदने गई थी। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार और उसके सहयोगियों ने उसे झांसे में लेकर चमड़ा मंडी मोहल्ले स्थित एक मकान में बुलाया। वहां मौजूद चार लोगों ने कथित तौर पर दबाव बनाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। प्रभारी कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर चंदौर बदौसा निवासी छत्रपाल, बदौसा के कंचन ज्वैलर्स के कल्लू सोनी, रैपुरा निवासी हाल मुकाम चमड़ा मंडी कर्वी शंभू दयाल और महुआ कछार भरतकूप निवासी प्यारेलाल के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *