आगरा के खेरागढ़-कागारौल मार्ग पर बुधवार शाम करीब साढ़े 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। जहां बाइक सवार दंपति और उनकी छह माह की बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, दोनों की मौत के बाद परिजन आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। देंखे घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें… शादी समारोह में जा रहे थे दंपती
थाना प्रभारी कागारौल अंकुर राठी के मुताबिक, मूलरुप से राजस्थान के भरतपुर के महुआ सिनसिनी गांव की रहने वाली रजिया (28) की शादी लगभग दो साल पहले धौलपुर के सैंपऊ गांव निवासी आशिक से हुई थी। आशिक कस्बे में लगने वाली बाजार में मोमोज का ठेला लगाता है। बुधवार को रजिया शौहर आशिक और बेटी जोधा के साथ बाइक से महुअर थाना क्षेत्र के किरावली में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कस्बे से पहले खेरागढ़-कागारौल मार्ग पर बाइक सवार ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे, तीनों गंभीर घायल
राहगीरों ने बताया कि बाइक में लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसके बाद लोगों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। अस्पताल में मां-बेटी ने तोड़ा दम
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक होता देख डॉक्टरों ने सभी को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। जहां कुछ देर बाद रजिया और उनकी छह माह बेटी जोधा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, आशिक की हालत बेहद नाजुक है। ट्रक कब्जे में, चालक फरार
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। आरोपी चालक की तलाश जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मां- बेटी की मौत के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply