रामपुर के शाहबाद में एक झोलाछाप क्लिनिक में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 18 मार्च को हुई थी। 18 मार्च को ऊषा (30) नामक महिला प्रसव के लिए पंजाब नेशनल बैंक के पीछे स्थित एक झोलाछाप क्लिनिक पर गई थी। प्रसव के दौरान उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया और उसी समय उसकी हालत गंभीर हो गई। महिला की बिगड़ती हालत देख परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन ऊषा को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां करीब पांच दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने बाद में जवाब दे दिया।
परिजन ऊषा को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहे थे, तभी मंगलवार दोपहर करीब दो बजे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। देर रात परिजन शव लेकर अपने गांव दिव्यानगला पहुंचे। मृतिका के ससुर डंबर सिंह ने थाना शाहबाद के एसएचओ प्रदीप कुमार को घटना की सूचना दी। बुधवार सुबह पुलिस ने दिव्यानगला गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। मृतिका ऊषा के पति ने थाना सेफनी में झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी क्लिनिक बंद कर फरार हो गया है। मृतिका ऊषा की उम्र लगभग 30 वर्ष थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 और 8 वर्ष है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतिका के ससुर की तहरीर पर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और सामने आए साक्ष्य-सबूतों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply