लखीमपुर खीरी के पढ़ुआ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। ढखेरवा से स्कूटी पर घर लौट रही मां-बेटी को पीछे से आ रहे गन्ने से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गईं और ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। जानकारी के अनुसार, पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गांव बुद्धा पुरवा निवासी रविकास लोधी की पत्नी भोला देवी (45) अपनी 18 वर्षीय पुत्री शिवानी के साथ ढखेरवा स्थित बैंक आई थीं। बैंक का काम निपटाने के बाद दोनों धौरहरा रोड से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान तकिया ताल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां-बेटी सड़क पर गिर गईं और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ आगे निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बाद में उसने ट्रक को रमियाबेहड़ के पास छोड़ दिया और स्वयं भी फरार हो गया। सूचना मिलने पर पढ़ुआ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा, ढखेरवा चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह और एसआई जुबेर अहमद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने रमियाबेहड़ के पास से ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक अभी फरार बताया जा रहा है। बताया गया कि ट्रक बेलवापुरवा सेंटर से गन्ना भरकर खमरिया मिल जा रहा था।

Leave a Reply