DniNews.Live

सहारनपुर में रोजगार मेला, 700 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र:राज्य मंत्री जसवंत सैनी की उपस्थिति में हुआ आयोजन

सहारनपुर में बुधवार को ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के अंतर्गत एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। दिल्ली रोड स्थित दिशा भारती कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड एजुकेशन में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित इस मेले में 700 बेरोजगार युवाओं को विभिन्न कंपनियों में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। लगभग 1300 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 700 को शॉर्टलिस्ट कर मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम में मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी उपस्थित रहे। राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं को उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार ऐसे मेलों के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ रही है। सैनी ने यह भी बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए नई औद्योगिक नीतियों पर काम कर रही है। इससे नई इंडस्ट्री स्थापित हो रही हैं और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। एक्सप्रेस-वे जैसे बुनियादी ढांचे के विकास से आवागमन सुगम हुआ है, जिससे उद्योगों को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर भी सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया। इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह और रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम भी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया। रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह उल्लेखनीय रहा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *