PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त हो गई है। अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद डॉक्टरों ने काम पर लौटने का फैसला किया है। इससे दूरदराज से आए मरीजों को बड़ी राहत मिली है। हड़ताल की वजह से 85 ऑपरेशन टले हैं। 2350 मरीज बिना इलाज के ओपीडी से लौटे हैं। वहीं, 40 से अधिक मरीज इमरजेंसी छोड़कर दूसरे अस्पताल में पलायन कर गए। हड़ताल के कारण पिछले दो दिनों से इमरजेंसी, ओपीडी सहित सभी विभागों में कामकाज ठप था। इलाज के अभाव में कई मरीजों को वापस लौटना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। अस्पताल प्रशासन और जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन में हुई बैठक मरीजों की बढ़ती परेशानियों और अस्पताल के कामकाज पर पड़ रहे असर को देखते हुए गुरुवार को अस्पताल प्रशासन और जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JDA) के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस लंबी बातचीत के बाद प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने पर JDA ने हड़ताल वापस लेने का संकेत दिया। JDA के अध्यक्ष सत्यम कुमार ने बताया कि हाल ही में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर संगठन में गहरा रोष था। डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया था। अस्पताल प्रशासन ने घटना पर कार्रवाई शुरू कर दी कुमार ने कहा कि अस्पताल प्रशासन ने घटना पर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोषियों की पहचान कर उन पर सख्त कदम उठाने की प्रक्रिया जारी है। इसी आधार पर JDA ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का वादा किया है। कौशल किशोर(प्रिंसिपल PMCH ) ने बताया कि हमारे PMCH के सभी जूनियर डॉक्टर काम पर लौट चुके हैं। अस्पताल में सभी सेवाएं फिर से सुचारू रूप शुरू की जा चुकी हैं। पटना जिला प्रशासन के साथ हुई बातचीत में अस्पताल परिसर में जूनियर डॉक्टर की सुरक्षा की व्यवस्था का आश्वासन मिलने के बाद जूनियर डॉक्टर ने हड़ताल खत्म की है। पटना जिला प्रशासन के आदेश के बाद पीएमसीएच अस्पताल के इमरजेंसी के मुख्य द्वार 24× 7 सुरक्षा तैनात रहेगी। अभी तत्काल PMCH की सुरक्षा पटना पुलिस करेगी और अभी से तत्काल पर बिहार पुलिस के जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
https://ift.tt/ICsE56G
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply