DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

हाथरस में राष्ट्रीय महिला आयोग सदस्य ने सुनीं शिकायतें:बोलीं- यूपी में बढ़ा महिला उत्पीड़न, महिलाएं अधिकारों को लेकर जागरूक हुईं

राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डेलिना खोंगडुप ने आज गुरुवार को हाथरस में महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों की सुनवाई की। उन्होंने सदर तहसील परिसर में पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कई पीड़ित महिलाओं ने अपनी शिकायतें उनके समक्ष रखीं। कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डेलिना ने इस अवसर पर मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति उत्पीड़न के मामले बढ़े हैं और शिकायतों की संख्या में वृद्धि हुई है। डेलिना के अनुसार, इसकी मुख्य वजह यह है कि महिलाएं अब अपने अधिकारों और शिकायतों को लेकर अधिक जागरूक हुई हैं। आज भी दहेज उत्पीड़न से लेकर यौन उत्पीड़न तक की शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महिलाएं सुरक्षित रहें और स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। अपराधी महिलाओं को भी सख्त सजा मिले… जब उनसे हाल ही में कुछ ऐसे चर्चित मामलों के बारे में पूछा गया, जिनमें महिलाएं अपराध में लिप्त पाई गई हैं, तो उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला अपराध में शामिल पाई जाती है, तो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि महिला आयोग किसी भी शिकायत की जांच तथ्यों के आधार पर करता है। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और फरियादी भी मौजूद थे।


https://ift.tt/slrgw2o

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *