मथुरा के सुरीर बस स्टैंड स्थित देवी मंदिर परिसर में अष्टभुजी मां दुर्गा रानी मंदिर का 58वां वार्षिक पर्व नवरात्रि के अवसर पर मनाया जा रहा है। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है, जिससे दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंगलवार शाम मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। महिलाओं की मित्र मंडली ने ढोलक की थाप पर दुर्गा माता की भेंटें, लांगुरिया और भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भजन-कीर्तन के दौरान महिलाओं ने नृत्य भी किया, जिससे पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। इस धार्मिक आयोजन में ओमवती गुप्ता, अनीता पांचाल, बबीता पांचाल, उमा शर्मा, प्रेमलता, राधा गुप्ता, रेखा गुप्ता, विमला शर्मा, पूजा गुप्ता, सरस्वती गुप्ता, तारा गुप्ता और सीमा रावत सहित दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। सीनियर उप निरीक्षक अमित कुमार तोमर, एसआई विनीत दांगी, महिला एसआई दिव्या कुमारी और शिवम चाहर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और कार्यक्रम पर निगरानी रखी। स्थानीय निवासी उमा शर्मा और पूजा गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष नवरात्रि में यहां विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इस वर्ष 58वें पर्व के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह है। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर पूरे सुरीर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं।

Leave a Reply