सीतापुर के तहसील लहरपुर प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नवीनगर में भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। एसडीएम आकांक्षा गौतम के निर्देश पर इलाके में अवैध कब्जों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के पहुंचते ही कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। कब्जा मुक्त कराई गई इस जमीन की कीमत करीब 40 लाख रुपए है। जानकारी के अनुसार, ग्राम नवीनगर में सीलिंग की जमीन पर अवनीश गौड़ सहित अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि कब्जाधारियों ने पहले जमीन पर नींव भरवाई और इसके बाद बिना किसी अनुमति के लेंटर डालकर पक्का निर्माण खड़ा कर दिया था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर तहसील प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य को तत्काल रोकने के निर्देश भी दिए थे।लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। इस दौरान टीम में नायब तहसीलदार अशोक यादव, राजस्व निरीक्षक अमर सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक टीम ने मौके की स्थिति का परीक्षण करने के बाद बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। लगभग दो घंटे तक चली कार्रवाई के बाद करीब 10 बिसवा भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। नायब तहसीलदार अशोक यादव ने बताया कि कब्जा हटाई गई जमीन की बाजार कीमत लगभग 40 लाख रुपए आंकी गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध कब्जे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे सभी प्रकरणों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य अवैध कब्जाधारियों में भी दहशत का माहौल है। लगातार चल रहे बुलडोजर अभियान से साफ संदेश दिया गया है कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
https://ift.tt/oedzgUM
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply