आयोध्या में दिल्ली से बनारस जा रहे दो युवक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। गुरुवार सुबह माइलस्टोन 75 के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसके साथी आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, घायल आशीष पुत्र मौला कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के बलीपुर टाटा गांव का निवासी है। वह अपने मित्र बृजेश के साथ दिल्ली से बनारस के लिए निकला था। दोनों युवक दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। बुधवार दोपहर लगभग ढाई बजे वे एमटी बाइक से बनारस के लिए रवाना हुए थे। उनका उद्देश्य बनारस में दर्शन करना और फिर अपने-अपने घर लौटना था। गुरुवार सुबह लगभग 8:30 बजे यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक चालक बृजेश को अचानक झपकी आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही यूपीडा की एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए कुमारगंज स्थित संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बृजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आशीष को भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया गया है। हादसे की जानकारी मिलने पर कुमारगंज पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मृतक बृजेश के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
https://ift.tt/xH7e2pR
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply