हरदोई के सवायजपुर मार्ग पर समुदा गांव के पास मृत मिली मानसिक विछिप्त युवती की पहचान परिजनों ने उसके हरे दुपट्टे से की है। युवती 21 मार्च की दोपहर बिना बताए घर से निकली थी। पुलिस के मुताबिक, युवती की सड़क हादसे में मौत हुई है। शहर के मुन्नी मियां चौराहा के पास स्थित इदरीस गंज निवासी इकबाल अली मोटर मैकेनिक हैं। इकबाल ने बताया कि 26 वर्षीय उनकी पुत्री मीना परवीन मानसिक रूप से परेशान थी। उसका इलाज कराया जा रहा था। मीना 4 से 5 बार बिना बताए घर से जा चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद उसे खोजा जाता था। इसलिए घर में उसको सभी दरवाजे बंद करके रखा जाता था। 21 मार्च की शाम किसी तरह मीना घर से निकल गई। उसके बाद वह वापस नहीं आई। उसकी तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। 23 मार्च को शहर कोतवाली में मीना की गुमशुदगी से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया था। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि 24 मार्च की रात करीब 11 बजे हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर शहर कोतवाली क्षेत्र के समुदा गांव के पास क्षत-विक्षत अवस्था में एक युवती का शव मिला था। युवती का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पहचान न होने पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया था। युवती के पास हरा दुपट्टा मिला था। इकबाल अली के प्रार्थना पत्र में भी हरे दुपट्टे का जिक्र था। इसलिए इकबाल को शव की पहचान कराने के लिए बुलाया गया। इकबाल ने शव की पहचान अपनी पुत्री के रूप में की। मीना 4 भाई और एक बहन में चौथे नंबर पर थी। अविवाहित थी। शहर कोतवाल बताया कि शव का पंचनामा भरवारा गया है।परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

Leave a Reply