DniNews.Live

बिलासपुर में धार्मिक स्थलों के पास शराब दुकान का विरोध:नागरिकों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर स्थान बदलने की मांग की

रामपुर जिले की बिलासपुर तहसील में धार्मिक स्थलों के पास प्रस्तावित विदेशी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों में असंतोष है। बुधवार को वार्ड नंबर 12 के दर्जनों लोगों ने नगर पालिका के सभासद मोहसिन खां और फैज़ान खां के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में, उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। नागरिकों का कहना है कि प्रस्तावित शराब की दुकान एक दरगाह, दो कब्रिस्तानों और एक मस्जिद के बेहद करीब है। इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। लोगों ने बताया कि दुकान अभी संचालित नहीं हुई है, लेकिन प्रस्ताव की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रस्तावित स्थल की स्थिति अत्यंत संवेदनशील है। एक ओर कब्रिस्तान की मुख्य बाउंड्री इस स्थान से सटी हुई है, वहीं दुकान का मुख्य द्वार सीधे कब्रिस्तान के सामने खुलने की बात कही जा रही है। दुकान का दूसरा प्रवेश द्वार भी एक धार्मिक स्थल की ओर बताया जा रहा है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि ऐसे स्थान पर शराब की दुकान खोलना न केवल धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाएगा, बल्कि सामाजिक वातावरण को भी प्रभावित कर सकता है। उनका कहना है कि यह प्रस्ताव शासन के उन नियमों के विपरीत है, जिनमें धार्मिक स्थलों और कब्रिस्तानों के आसपास शराब की दुकान खोलने पर प्रतिबंध का प्रावधान है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित शराब की दुकान को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *