DniNews.Live

सहारनपुर में 50 दुकानों से अतिक्रमण हटा:नगर निगम ने 11 हजार जुर्माना वसूला, शिकायतों पर कार्रवाई

सहारनपुर नगर निगम ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर बुधवार को एक व्यापक अभियान चलाया। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर अतिक्रमणरोधी दस्ते ने लोहानी सराय, प्रताप मार्किट, शहीद गंज, जैन कॉलेज रोड, भारत माता चौक, नया बाजार और ढोलीखाल सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 50 दुकानों से अतिक्रमण हटाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से 11 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। यह कार्रवाई आईजीआरएस पोर्टल और जनसुनवाई में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। अभियान के तहत ढोलीखाल-लोहानी सराय चौक पर करीब आधा दर्जन दुकानों के बाहर फैला सामान हटवाया गया और पांच दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं, नया बाजार में जामा मस्जिद के पास चार दुकानों से अतिक्रमण हटाकर दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। प्रताप मार्किट में भी निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए आधा दर्जन दुकानों के बाहर से अवैध कब्जा हटाया और तीन दुकानदारों पर आर्थिक दंड लगाया। इसके अतिरिक्त, भारत माता चौक, शहीद गंज और जैन कॉलेज रोड पर भी जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने बताया कि अभियान के दौरान सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के दौरान, भारत माता चौक के पास गुरुद्वारा रोड से सटी गली में सड़क पर बनाए गए बाथरूम की शिकायत पर भी नगर निगम ने संज्ञान लिया। भवन स्वामियों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं निर्माण हटाने का नोटिस जारी किया गया है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयसीमा के बाद निगम स्वयं कार्रवाई करेगा। नगर निगम की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *