म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ पर बच्चा चोरी की आशंका में हुए बवाल का मामला पुलिस जांच में अफवाह निकला। पुलिस ने बरामद किए गए चारों बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया है। संबंधित लोगों को लिखापढ़ी के बाद छोड़ दिया गया। यह घटना शनिवार देर शाम हुई, जब बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एक वाहन से चार बच्चों को पकड़ा और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने वाहन में सवार एक युवक की पिटाई भी की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और सभी संबंधित लोगों को थाने ले गए। कड़ाई से पूछताछ में युवक ने बताया – वह बच्चों को उनके घर से पाटी गांव घुमाने के लिए ले गया था। पाटीगांव घूमने के बाद वह आश्रम मोड के बाजार से कुछ सामान खरीदने के लिए रुके थे। बच्चों को नई गाड़ी में बैठे देख ग्रामीणों ने उनको बच्चा चोर समझ कर पीटने लगे। पुलिस ने पाटी ग्राम पंचायत के प्रधान ईश्वर प्रसाद और बच्चों के परिजनों को थाने बुलाया। देर रात परिजनों के पहुंचने और बच्चों की पहचान की पुष्टि होने के बाद मामला शांत हुआ। बच्चों की पहचान चंदू बैगा (8 वर्ष), रामकेश बैगा (6 वर्ष), जयबहादुर बैगा (10 वर्ष) और दीनदयाल बैगा (12 वर्ष) के रूप में हुई। उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चों के साथ मौजूद आजाद सिंह और उपेंद्र विक्रम सिंह, जो तियरी (थाना इलिया, जनपद चंदौली) के निवासी हैं, को उपचार के बाद छोड़ दिया गया। ग्राम प्रधान ईश्वर प्रसाद ने पुष्टि की कि युवक बच्चों को उनके परिजनों की अनुमति से ही घुमाने ले गया था। परिजनों ने बताया कि मलिक नयी गाड़ी लेकर घर पर आए हुए थे। नई कार देखकर बच्चे उसमें बैठकर घूमने के लिए चले गए थे। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि यह बच्चा चोरी का कोई मामला नहीं था और यह घटना केवल अफवाह के कारण हुई।

Leave a Reply