मथुरा के जमुनापार थाना क्षेत्र के पानी गांव में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, मृतका कृष्णा की शादी वर्ष 2020 में सामोली गांव से पानी गांव के राकेश के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में राकेश शराब का आदी हो गया। इसके चलते पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगे थे। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि राकेश ने शराब के नशे में अपने कुछ रिश्तेदारों और दोस्तों को घर बुलाया। उन्होंने मिलकर कृष्णा की हत्या कर दी और फिर घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया। घटना की जानकारी मृतका की बड़ी बहन पार्वती ने परिवार को दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपी पति राकेश को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply