चंदौली सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को तहसील परिसर स्थित सभागार में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सह अध्यक्ष श्रीनाथ त्रिपाठी, अपर न्यायाधीश विकास वर्मा और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग शामिल थे। मुख्य अतिथि जनपद एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद, अन्य अतिथियों ने नवनिर्वाचित महामंत्री आशुतोष कुमार मिश्र सहित अन्य पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई।
अध्यक्ष और महामंत्री ने आए हुए अतिथियों का माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह और बुके भेंट कर स्वागत किया। पूर्व अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने चुनाव संचालन समिति को अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि जनपद एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बार और बेंच एक सिक्के के दो पहलू हैं। न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने और पीड़ित व कमजोर व्यक्ति को न्याय दिलाने में अधिवक्ता समाज का सहयोग सराहनीय होता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से ईमानदारी पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पीड़ित समाज को न्याय दिलाने के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अपर जिला न्यायाधीश विकास वर्मा और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग सहित अन्य अतिथियों ने भी सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता शशि शंकर सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीश परितोष श्रेष्ठ, उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा, एडवोकेट कपिल देव, चंद्रमौली उपाध्याय, विनोद यादव, शरद यादव, पूर्व अध्यक्ष राकेश रतन तिवारी, सत्येंद्र कुमार बिन्द, अभिषेक मिश्रा, हरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व महामंत्री गौरव सिंह, चंद्रभान सिंह सहित कई अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे।

Leave a Reply