DniNews.Live

शौकत अली के बयान पर मंत्री अनिल राजभर का पलटवार:कहा- ऐसे बयानों की यूपी में जगह नहीं, हैदराबाद में जाकर बोलें

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मऊ में एआईएमआईएम नेता शौकत अली के विवादित बयान पर पलटवार किया है। शौकत अली ने कहा था कि किसी मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा। इस पर मंत्री राजभर ने कहा कि ऐसे बयानों की उत्तर प्रदेश में कोई जगह नहीं है। मंत्री अनिल राजभर ने स्पष्ट किया कि शौकत अली अपने नेता की भाषा बोल रहे हैं और उन्हें ऐसे बयान हैदराबाद में देने चाहिए, उत्तर प्रदेश में नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश में इस तरह की बातों के लिए कोई स्थान नहीं है। इससे पहले, मऊ जिले के नगर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने फर्जी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि ऐसे अस्पतालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने कहा कि अस्पताल खुलना अच्छी बात है, लेकिन उन्हें जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मऊ जिले में अस्पतालों द्वारा शोषण की स्थिति देखने को नहीं मिलेगी और ऐसी शिकायतों पर निरंतर कार्रवाई की जाएगी। युद्ध के कारण गैस की किल्लत के सवाल पर मंत्री राजभर ने कहा कि गैस की कहीं कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने संसद में इस पर विस्तार से अपनी बात रखी है, और विदेश मंत्री भी लगातार इस मुद्दे पर जानकारी देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गैस, पेट्रोल और डीजल को लेकर लगातार जानकारी दी जा रही है। मंत्री ने जनता से अपील की कि वे सरकार की बातों पर भरोसा रखें और भंडारण की प्रवृत्ति से बचें, क्योंकि प्रतिपक्ष के लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *