नोएडा के सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर एक युवती के मेट्रो ट्रैक पर कूदने से हड़कंप मच गया। बुधवार दोपहर को घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, घटना थाना फेज-1 क्षेत्र के सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अचानक प्लेटफॉर्म से नीचे ट्रैक पर कूद गई। घटना होते ही मेट्रो स्टाफ ने तुरंत अलर्ट जारी किया और ट्रेनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोक दिया गया, ताकि राहत और बचाव कार्य किया जा सके। युवती की शिनाख्त की जा रही सूचना मिलते ही थाना फेज-1 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और मेट्रो कर्मचारियों की मदद से युवती को ट्रैक से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसके पास मिले सामान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उसकी पहचान की जा सके और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। वहीं, मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहीं, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। पुलिस का कहना है कि युवती की पहचान होते ही उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply