बलिया की सुखपुरा पुलिस ने बुधवार को दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक ट्रक चालक की बेल्चा से पीटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बेल्चा भी बरामद कर लिया है। यह मामला 24 मार्च का है। अभिषेक यादव पुत्र विजय कुमार यादव ने मंगलवार को सुखपुरा थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता विजय कुमार यादव ट्रक चालक थे। तहरीर के अनुसार, 24 मार्च को सुबह करीब 11 बजे विजय कुमार यादव सुखपुरा-गड़वार मार्ग पर बालू गिराकर एक दुकान के सामने कुछ खाने के लिए रुके थे। तभी रणबहादुर सिंह, शैलेन्द्र कुमार सिंह, दिलीप राजभर और दो अन्य लोगों ने उन पर बेल्चा से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय कुमार यादव को जिला अस्पताल बलिया के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां इलाज के कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के क्रम में बुधवार को थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दूबे के नेतृत्व में सुखपुरा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने हरिपुर की ओर से रतसर-सुखपुरा वाले रोड के पास से शैलेन्द्र कुमार सिंह और दिलीप राजभर को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply