DniNews.Live

कासगंज में अवैध विस्फोटक बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार:बिना लाइसेंस के कर रहा था निर्माण, मशीनें और भारी मात्रा में सामग्री बरामद

कासगंज के कोतवाली सोरों पुलिस ने अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थों का निर्माण कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकील पुत्र बहार अली, निवासी मोहल्ला काजी, कस्बा सहावर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सोरों क्षेत्र के बहादुरनगर से दबिश देकर पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना लाइसेंस के अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री तैयार कर रहा था। मौके पर पहुंची टीम ने जब लाइसेंस मांगा, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सोरों में धारा 125/288 बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(B) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। बरामद सामग्री में दो मैनुअल प्रेशर मशीन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक ड्रम, तैयार अनार और उनके खोखे के बोरे शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के पाउडर भी जब्त किए गए हैं, जिनमें गेरूआ, मेहंदी, काला, स्लेटी और सफेद रंग के कुल कई किलोग्राम पाउडर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य संभावित कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *