DniNews.Live

हापुड़ में 7 महीने बाद कब्र से निकाला गया शव:हाईकोर्ट के आदेश पर कार्यवाही, पत्नी पर हत्या का आरोप

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के मोहम्मद रुस्तमपुर गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर करीब सात महीने पहले दफनाए गए खुर्शीद के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यह कार्रवाई उसकी संदिग्ध मौत के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए की गई है। परिजनों ने शुरू से ही मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। आरोप है कि खुर्शीद को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारी गई थी। बिना कानूनी कार्रवाई के दफनाए गए शव को अब दोबारा जांच के लिए निकाला गया है। इस घटना से गांव में हलचल मच गई है और हर कोई पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। देखिए घटना से जुड़ी तस्वीरें… जानिए पूरा मामला… यह मामला लगभग सात महीने पुराना है, जब मोहम्मद रुस्तमपुर गांव निवासी खुर्शीद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बताया जाता है कि उसके सिर में लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली लगी थी, लेकिन उस समय परिजनों ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव को दफना दिया था। समय बीतने के साथ परिजनों को खुर्शीद की मौत पर संदेह गहराने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य घटना नहीं थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। परिजनों का कहना है कि खुर्शीद का शव घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला था, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। न्याय की उम्मीद में परिजन इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे और मामले की दोबारा जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन हरकत में आया। स्थानीय मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव के कब्रिस्तान पहुंची। कड़ी सुरक्षा के बीच कब्र की खुदाई की गई और घंटों की मशक्कत के बाद शव के अवशेष बाहर निकाले गए। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। थाना बहादुरगढ़ प्रभारी धीरज मलिक ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम और डॉक्टरों का पैनल इस मामले की गहराई से जांच करेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *