कानपुर में मेस्टन रोड स्थित बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार द्विवेदी सह जिला विद्यालय निरीक्षक, कानपुर नगर रहे। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पूजन के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं और कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए निरंतर प्रयास और प्रतियोगिताओं में भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं का शिक्षित होना समाज और परिवार दोनों के लिए आवश्यक है। शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का ज्ञान भी जरूरी है, ताकि छात्राएं जीवन में आगे बढ़ते हुए हर चुनौती का सामना कर सकें। उन्होंने मेहनत, समर्पण और लक्ष्य के प्रति दृढ़ता को सफलता की कुंजी बताया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत और परिचय कराया। संचालन आराध्या मिश्रा, वैटिका मिश्रा और समृद्धि मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हर्षित खंडेलवाल ने दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘गणेश वंदना’ से हुआ। छात्राओं ने सामूहिक गीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर कमल किशोर गुप्त, गोपाल दत्त मेहता, रेनू सेठ, डॉ. अर्पणी पांडेय, ज्योति मिश्रा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply