अम्बेडकरनगर में गुरुवार को चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा नेता विवेक मौर्य के नेतृत्व में एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें 2500 से अधिक युवा शामिल हुए। रैली जलालपुर रोड से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक निकाली गई। रैली में शामिल युवा हाथों में झंडे और पटके लिए हुए थे। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए इस काफिले के कारण कुछ स्थानों पर यातायात बाधित हुआ, हालांकि आयोजन शांतिपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया। रैली के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा, पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा और तहसील तिराहे पर अशोक स्तंभ पर सर्वसमाज के लोगों ने माल्यार्पण किया। इस अवसर पर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया गया। युवाओं ने अनुशासन बनाए रखते हुए शहर के मार्गों पर भ्रमण किया और सम्राट अशोक के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। रैली के समापन के बाद भाजपा नेता विवेक मौर्य ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहाकि सम्राट अशोक राष्ट्र नायक और मानवता के प्रतीक थे, जिन्होंने समाज में समानता, समभाव और भाईचारे की भावना को मजबूत किया। मौर्य ने जोर दिया कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। विवेक मौर्य ने बताया कि इस आयोजन में सभी वर्गों और धर्मों के युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि सम्राट अशोक के विचार आज भी समाज को एकजुट करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply