DniNews.Live

मऊ में गंगा स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली:गाड़ा ताल, खड़िया नाला के संरक्षण पर दिया गया जोर

मऊ जिले में जिला गंगा समिति द्वारा गंगा स्वच्छता पखवाड़े के तहत एक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मखाना पिंडोहरी स्थित रमा शंकर सिंह महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने इस रैली में भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य गाड़ा ताल और खड़िया नाला के संरक्षण, स्वच्छता तथा जैव विविधता के महत्व के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना था। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों से जल स्रोतों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने प्लास्टिक का उपयोग कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का भी संदेश दिया। वक्ताओं ने बताया कि गाड़ा ताल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण जलाशय है, जो जल संचयन का प्रमुख स्रोत होने के साथ-साथ विभिन्न वनस्पतियों, पक्षियों और जलीय जीवों का प्राकृतिक आवास भी है। गाड़ा ताल की जैव विविधता स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी प्रकार, खड़िया नाला भी क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था का अभिन्न अंग है। यह वर्षा जल को संचालित कर भूजल स्तर को बनाए रखने में सहायक होता है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि यदि इन जल स्रोतों का संरक्षण नहीं किया गया, तो इससे पर्यावरणीय असंतुलन के साथ-साथ जल संकट की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। रैली में मऊ जनपद में प्रवाहित तमसा, घाघरा और भैसही नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *