अमेठी के गौरीगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ में मंगलवार रात लूट का प्रयास किया गया। बदमाशों ने पहले सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया और फिर छेनी-हथौड़ी से एटीएम मशीन को काटने की कोशिश की। हालांकि, वे नकदी निकालने में सफल नहीं हो पाए और मौके से फरार हो गए। बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले मकान मालिक मेहंदी हसन ने एटीएम बूथ को क्षतिग्रस्त देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बैंक शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बैंक कर्मियों और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, मौके से छेनी और हथौड़ी बरामद हुई है, जिनका उपयोग मशीन काटने के लिए किया गया था। मशीन के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है, लेकिन नकदी सुरक्षित बताई जा रही है। बैंक के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दो संदिग्ध आते-जाते दिखाई दिए हैं। हालांकि, बूथ के अंदर लगे कैमरे को बदमाशों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे पूरी घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। बैंक प्रबंधन के अनुसार, एटीएम की सुरक्षा और निगरानी का जिम्मा एनसीआर कंपनी के पास है, जो सीसीटीवी के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी करती है। घटना की सूचना संबंधित एजेंसी को दे दी गई है। एसपी सरवणन टी ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एसपी के निर्देश पर इन दिनों ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ अभियान संचालित है। हालांकि, इस घटना से गौरीगंज पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि हाईवे और बैंक के पास होने के बावजूद यहां पर्याप्त चौकसी नहीं बरती गई।

Leave a Reply