DniNews.Live

हीट वेव से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट:कानपुर देहात में डीएम ने विभागों को दिए निर्देश, कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई बैठक

कानपुर देहात में बढ़ती गर्मी और संभावित लू (हीट वेव) के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह सतर्क कर दिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में, जिलाधिकारी ने सभी विभागों को हीट वेव से निपटने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने आमजन की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि “क्या करें और क्या न करें” की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने और स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने पर भी बल दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में ठंडे कक्ष, अतिरिक्त बेड और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त, ओआरएस (ORS) और अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए पानी और चारे की उपलब्धता बनाए रखने के साथ-साथ पशुपालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को भी पक्षियों और वन्य जीवों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसानों के लिए नमी संरक्षण, वैकल्पिक फसल और बीज-खाद की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया। श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव करने, उन्हें पेयजल उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मनरेगा कार्यस्थलों पर छाया और पानी की व्यवस्था करने के भी आदेश दिए गए। बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और अस्पतालों के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। नलकूपों और नहरों को चालू रखने के आदेश भी दिए गए। बस स्टैंडों पर यात्रियों के लिए छाया, पानी और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है। नगर निकायों को चौराहों पर डिजिटल संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाने, पार्कों में छाया की व्यवस्था करने और अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की मरम्मत और उनके उचित उपयोग को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *