सहारनपुर के गंगोह के मोहल्ला मोहम्मद गौरी में कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी-पकौड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के कई सदस्य अचानक बीमार पड़ गए। हालत बिगड़ने पर सभी को तत्काल निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। खाने के कुछ ही देर बाद शुरू हुई दिक्कत प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय कुमार बाजार से कुट्टू का आटा खरीदकर लाए थे। रात में उसी आटे से पूड़ी और पकौड़ी बनाई गई।
खाना खाने के कुछ ही समय बाद उनकी पत्नी राखी, पुत्र यशपाल, बेटियां अनन्या व इशानी और छोटे भाई सौरभ को जी मिचलाना, चक्कर आना और अत्यधिक कमजोरी जैसी समस्याएं होने लगीं। रात में ही अस्पताल में कराया भर्ती परिजनों के अनुसार, रात में अचानक हालत बिगड़ने पर सभी को एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। सुबह तक मरीजों की हालत गंभीर हो गई थी और उन्हें आंखें खोलने में भी परेशानी हो रही थी। समय पर इलाज से टला खतरा डॉक्टरों द्वारा तत्काल उपचार शुरू किए जाने के बाद अब सभी मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है। समय रहते इलाज मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया। खाद्य गुणवत्ता पर उठे सवाल इस घटना के बाद कुट्टू के आटे की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ जाती है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने खाद्य विभाग से बाजार में बिक रहे कुट्टू के आटे की जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply