विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समाधान करना और पिछली शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करना था। बैठक के दौरान, किसानों को पिछले महीने प्राप्त कुल 46 शिकायतों की अनुपालन रिपोर्ट पढ़कर सुनाई गई। जिलाधिकारी ने कई शिकायतों की रिपोर्ट गुणवत्तापूर्ण न होने पर संबंधित विभागों को वापस भेज दिया, और उन्हें उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसानों ने बैठक में कुल 10 नई शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें जल निगम की 1, तहसील की 2, ग्राम्य विकास विभाग की 1, पीडब्ल्यूडी की 2, सिंचाई विभाग की 1, गन्ना विभाग की 1, पंचायत राज विभाग की 1 और चकबंदी विभाग की 1 शिकायत शामिल है। इन सभी शिकायतों को जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नूपुर गोयल, जिला विकास अधिकारी श्वेतांक सिंह, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply