सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। एक विवाहिता को कार और दो लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर प्रताड़ित कर उसके मासूम बच्चे सहित घर से निकाल दिया गया। बुधवार को पीड़िता सबिया ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता सबिया के अनुसार, उसकी शादी 27 फरवरी 2024 को मुस्लिम रीति-रिवाज से तलाह राणा उर्फ टीपू से हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने लगभग 12 लाख रुपये खर्च कर फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, जेवरात और नकदी दी थी। इसके बावजूद, ससुराल पक्ष ने कुछ समय बाद ही दहेज में एक कार और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। आरोप है कि यह मांग पूरी न होने पर पति, सास और जेठों ने मिलकर सबिया का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति नशे का आदी है और अक्सर मारपीट करता था। गर्भावस्था के दौरान भी उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। लगभग सात माह पहले सबिया ने एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद भी ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला और दहेज की मांग और तेज हो गई। तीन माह पहले उसे बुरी तरह पीटा गया और घर में बंद कर दिया गया। बाद में उसकी मां के आने पर दोनों को अपमानित कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से वह अपने मायके में रह रही है। इस दौरान ससुराल पक्ष ने न तो उसका हालचाल लिया और न ही बच्चे के पालन-पोषण के लिए कोई खर्च दिया। हाल ही में जब परिजन उसे वापस ससुराल छोड़ने पहुंचे, तो उन्हें गाली-गलौज कर भगा दिया गया। सबिया ने यह भी आरोप लगाया कि उसके दहेज का सामान और जेवर भी हड़प लिए गए हैं, जिन्हें अब तक नहीं लौटाया गया है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उसे बच्चे सहित ससम्मान ससुराल में बसाने की मांग की है।

Leave a Reply