बदायूं में एचपीसीएल कांड के आरोपी अजय के ताऊ और पूर्व प्रधान राकेश सिंह का एक फार्म हाउस प्रशासन ने सील कर दिया है। यह कार्रवाई मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव में हुई। प्रशासन का मानना है कि यह फार्म हाउस कथित तौर पर कब्जा की गई जमीन पर बनाया गया है। दातागंज से म्याऊं को जाने वाली सड़क पर स्थित बिजलीघर के पास बने इस फार्म हाउस में एक बड़ा लॉन, एक कार्यालय और एक हॉलनुमा कमरा था, जिसमें बेहतर फर्नीचर भी लगा था। जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से फार्म हाउस को सील कर दिया और उस पर ताला लगा दिया। एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जांच जारी है। शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि जिस जमीन पर फार्म हाउस बना है, उस पर पहले एक सिख परिवार रहता था, जो अब कनाडा शिफ्ट हो चुका है। राकेश सिंह पर आरोप है कि उन्होंने इस जमीन पर चाहरदीवारी बनवाकर कब्जा कर लिया और बाद में फार्म हाउस का निर्माण कराया। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि यह जमीन ग्राम समाज की है या उस सिख परिवार की। इस मामले में राकेश सिंह के खिलाफ तहसीलदार कोर्ट में वाद दायर करने की तैयारी की जा रही है, ताकि वे अपना पक्ष रख सकें। जमीन की नापजोख की प्रक्रिया भी जारी है।

Leave a Reply