सहारनपुर पुलिस ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बेहट थाना पुलिस ने गिरोह के सरगना मामा-भांजे सहित चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर चोरी की 11 बाइके बरामद की गई हैं, जिनमें से कई मामलों में पहले से ही केस दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अहसान उर्फ शानू और मेहरबान गिरोह के मुख्य सदस्य हैं, जो चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वहीं, दिलशाद और शमशाद चोरी की बाइकों को ठिकाने लगाने का काम करते थे। दिलशाद और अहसान के बीच मामा-भांजे का संबंध बताया गया है। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से भीड़भाड़ वाले इलाकों और कम सुरक्षा वाली जगहों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देता था। बेहट थाना पुलिस ने बुधवार को गांगरोह नहर पुल के पास चेकिंग के दौरान इन चारों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों का खुलासा किया। बरामद 11 बाइकों में से 5 के संबंध में बेहट थाने में और 2 के संबंध में कोतवाली नगर थाने में पहले से ही मुकदमे दर्ज थे। बाकी बाइकों के मालिकों की पहचान की जा रही है। एसपी देहात सागर जैन ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग भूमिकाओं में काम करते थे। अहसान और मेहरबान चोरी करते थे, जबकि दिलशाद और शमशाद चोरी की बाइकों को बेचने का नेटवर्क संभालते थे। वे बाइकों को छिपाकर धीरे-धीरे बेचने की योजना बनाते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए इन अपराधों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इनके संपर्क में रहे संभावित खरीदारों और गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क को भी जल्द ही बेनकाब किया जाएगा।

Leave a Reply