DniNews.Live

बलिया में LPG सिलेंडर, KYC के लिए लंबी कतारें:नए नियमों और देरी से उपभोक्ता परेशान, पुरानी सुविधा बहाल करने की मांग

बलिया जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर और केवाईसी (KYC) को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। बुधवार को भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले गैस सिलेंडर बुकिंग के एक-दो दिन के भीतर मिल जाता था, लेकिन अब डिलीवरी में काफी देरी हो रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को सिलेंडर लेने के लिए सीधे एजेंसी या गोदाम पहुंचकर लाइन में लगना पड़ रहा है।
नई व्यवस्था के तहत एक सिलेंडर की डिलीवरी के करीब 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग संभव हो पा रही है। साथ ही केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य होने से उपभोक्ताओं की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। इस कारण उन्हें समय, पैसे और शारीरिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। केवाईसी कराने पहुंची उपभोक्ता निधि सिंह ने बताया कि भीड़ के चलते काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। वहीं ओम सिंह राठौर, जो हाथ में प्लास्टर होने के बावजूद लाइन में लगे थे, ने कहा कि वे करीब 10 किलोमीटर दूर से आए हैं और यहां तक पहुंचना भी मुश्किल रहा। उन्होंने व्यवस्था को जटिल बताते हुए सुधार की मांग की।
छोटू कुमार यादव ने बताया कि पूरी प्रक्रिया में चार से पांच घंटे तक लग जाते हैं, जिसमें पहले लाइन लगाना, फिर केवाईसी कराना और पर्ची कटवाना शामिल है। उन्होंने सरकार से पहले जैसी सरल व्यवस्था बहाल करने की मांग की। एक अन्य उपभोक्ता ने शिकायत की कि उनका सिलेंडर बुक हो चुका है और डिलीवरी का मैसेज भी मिल गया है, इसके बावजूद अभी तक सिलेंडर नहीं पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की है

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *