उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक नई नवेली दुल्हन शादी के महज एक महीने बाद अपने डॉक्टर पति को छोड़कर कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ चली गई। इस घटना से परिवार और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पीड़ित पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी की तलाश की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक पेशे से पशु चिकित्सक (वेटनरी डॉक्टर) है। उसकी शादी 19 फरवरी को नरैनी थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। पति का आरोप है कि शादी के 31 दिन बाद, यानी 22 मार्च की रात अचानक तीन युवक एक चारपहिया वाहन से आए और उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। पति ने बताया कि घटना के बाद उसने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला। उसका यह भी आरोप है कि पत्नी घर से नकदी और कीमती जेवर भी अपने साथ ले गई है। जांच के दौरान एक और अहम जानकारी सामने आई है। पति का कहना है कि उसकी पत्नी पिछले करीब दो वर्षों से किसी युवक के संपर्क में थी। बताया जा रहा है कि वह युवक उनके एक पारिवारिक कार्यक्रम में वीडियोग्राफी करने भी आया था। मामले में थाना कालिंजर के प्रभारी सुखराम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है और मोबाइल फोन के जरिए लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जिस युवक पर संदेह जताया जा रहा है, वह पहले भी परिवार के संपर्क में आ चुका था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती का पता लगाकर उसे बरामद कर लिया जाएगा और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply