अयोध्या के अर्जुन शंकर सिंह ने हरियाणा के नारनौल स्थित स्काईहाई इंटरनेशनल ड्रॉपज़ोन में स्काइडाइविंग की। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, अयोध्या शाखा के संरक्षक सदस्य अर्जुन ने यह उपलब्धि भारत के प्रसिद्ध पर्वतारोही ब्रिगेडियर सौरभ सिंह शेखावत के निर्देशन में संविधान दिवस पर हासिल की। अर्जुन सिंह आदर्श नगर पंचायत कुमारगंज के दिनेश प्रताप सिंह की बेटे हैं। इस स्काइडाइविंग कार्यक्रम का फ्लैग-ऑफ़ पिछले माह अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह और सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने किया था। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। अर्जुन शंकर सिंह की प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल, लखनऊ से हुई है, जबकि उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वे यूनिसेफ और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के सदस्य के रूप में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु सक्रिय हैं। स्काइडाइविंग से पहले भी अर्जुन कई साहसिक खेलों जैसे पर्वतारोहण, रॉक क्लाइंबिंग, रिवर राफ्टिंग और सी-सेलिंग में हिस्सा ले चुके हैं। अर्जुन शंकर सिंह ने बताया कि उनका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना को सशक्त करना है। वे समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, शारीरिक फिटनेस और सहनशक्ति का संदेश प्रसारित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियाँ और खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, अयोध्या के चेयरमैन राम अनुज तिवारी और सचिव डॉ. संदीप कुमार शुक्ला जिला क्षय रोग अधिकारी ने अर्जुन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। इस उपलब्धि से अयोध्या जिले का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। अर्जुन शंकर सिंह ने भविष्य में भी विभिन्न एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
https://ift.tt/Smncbrj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply