उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 29 मार्च को नोएडा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा से समाजवादी पार्टी (सपा) 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगी। प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से पार्टी कार्यकर्ता और नेता इस कार्यक्रम में लाखों की भीड़ जुटाने की तैयारी में जुटे हैं। बागपत से भी हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष बिल्लू प्रधान ने मेरठ रोड स्थित अपने कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि बागपत से हजारों लोग बसों और निजी वाहनों से अखिलेश यादव का संबोधन सुनने के लिए नोएडा पहुंचेंगे। बिल्लू प्रधान ने शासन-प्रशासन से मांग की कि उनके कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को कार्यक्रम में जाने से रोका न जाए। उन्होंने आशंका जताई कि प्रशासन उन्हें रोक सकता है, जैसा कि पहले भी कई बार रोकने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर गुर्जर समाज की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। प्रधान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने केवल एक गुर्जर को जिला अध्यक्ष बनाया है, जबकि समाजवादी पार्टी ने गुर्जर समाज को सम्मान दिया है और वर्तमान में भी सपा में चार गुर्जर जिला अध्यक्ष हैं। बिल्लू प्रधान ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

Leave a Reply