श्रावस्ती में पुलिस ने महिला से लूट की घटना का खुलासा किया है। थाना नवीन मॉडर्न, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरजनपदीय अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए, जबकि एक अन्य को गिरफ्तार किया गया। यह घटना 22 मार्च 2026 को थाना नवीन मॉडर्न क्षेत्र के खरगौरा गणेश गांव में हुई थी। बदमाशों ने एक अकेली महिला को निशाना बनाया। उन्होंने महिला के सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके कान की बाली व नाक की नथ लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना नवीन मॉडर्न में मामला दर्ज किया गया था।
24 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी फिर से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने परशुरामपुर मोड़ पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त रिजवान और राहुल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए और मौके पर ही पकड़ लिए गए। तीसरे अभियुक्त विशाल सोनी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। घायल अभियुक्तों को इलाज के लिए सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस आरक्षी को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लूटे गए आभूषण (कान की बाली और नाक की नथ), 2000 रुपये नकद, दो देसी तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, तीन मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, एक मोटरसाइकिल और एक बैटरी ई-रिक्शा बरामद किया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे सुनसान इलाकों में ई-रिक्शा से घूमकर अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे अचानक सिर पर वार कर महिला को असहाय कर देते और उसके आभूषण लूटकर फरार हो जाते थे। मुख्य अभियुक्त रिजवान सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ श्रावस्ती और बलरामपुर जनपदों में लूट, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना नवीन मॉडर्न में एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply