शाहजहांपुर में एक 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने महिला के पति पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर भजा गांव की नीतू के रूप में हुई है। नीतू की शादी करीब तीन साल पहले खुटार थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी रचित वर्मा से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही नीतू का पति दहेज में कार की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर नीतू के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी और उसे प्रताड़ित किया जाता था। मंगलवार शाम परिजनों को सूचना मिली कि नीतू की जहरीली दवा खाने से मौत हो गई है। जब वे नीतू की ससुराल पहुंचे, तो उसका शव जमीन पर पड़ा था और ससुराल पक्ष के लोग वहां से फरार हो चुके थे। परिजनों ने बताया कि नीतू के गले पर सूजन और शरीर पर चोट के निशान थे। नीतू के भाई सोनू ने जानकारी दी कि मरने से कुछ घंटे पहले नीतू ने अपने पिता से फोन पर बात की थी और बताया था कि उसे बहुत परेशान किया जा रहा है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में पूछताछ शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर भी ससुराल पक्ष का कोई सदस्य नहीं पहुंचा। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply