लखनऊ के डालीगंज पुल पर बुधवार तड़के टाटा मैजिक गाड़ी में आग लग गई। चालक ने समय रहते उतरकर अपनी जान बचाई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। एफएसओ चौक ने बताया- बुधवार तड़के करीब 3:55 बजे डालीगंज पुल के पास एक मैजिक वाहन में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन से एक वाटर टेंडर और हजरतगंज फायर स्टेशन से एक अन्य वाटर टेंडर मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों गाड़ियों से पंपिंग कर करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वाहन चालक की पहचान महफूज अहमद पुत्र महबूब अहमद निवासी मोती झील कॉलोनी, बाजारखाला के रूप में हुई है।

Leave a Reply