सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत बहराइच पहुंचे। यहां उन्होंने महिरपुरवा तहसील अंतर्गत भरतापुर गांव के 136 विस्थापित परिवारों के 500 गरीब-वंचित अभिवर्ग के लोगों के पुनर्वास की योजना का शुभारंभ किया। यहां सीएम ने विपक्ष पर जमकर हल्ला बोला। योगी आदित्यनाथ ने कहा- 2017 के पहले समाज को जातीय चश्मे से देखा जाता था। तब की सरकार सिर्फ एक ही परिवार के विकास के बारे में सोचती थी। सरकारी खजाने को लूटा जाता था, सिर्फ एक ही परिवार के उत्थान में लगाया जाता था। तब सरकार को बहराइच के भरतापुर के इन गरीब यादव, दलित और अनुसूचित जाति के लोगों का ख्याल नहीं आता था। उनके प्रति कोई संवेदना नहीं थी। जब ये लोग लोग सत्ता में आते हैं तो सिर्फ एक परिवार तक सीमित हो जाते हैं। पर भाजपा सरकार आपदा में सेवा, सेवा में संवेदना और संवेदना में समाधान के एजेंडे के साथ काम कर रही है। इसी के तहत भरतापुर गांव के 500 अभिवंचित लोगों को 21 करोड़ 55 लाख रुपए से पुनर्वास कराया जा रहा है। जंगल से हटाकर एक बेहतरीन कॉलोनी में बसाया जा रहा है। जिसका नाम भरतपुर रखा जाएगा। अब सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान विस्तार से पढ़िए… नाव हादसे ने झकझोरा, लिया पुनर्वास का फैसला
मुख्यमंत्री ने बताया- नवंबर 2025 में इसी भरतापुर गांव में बाजार से खरीदारी करके लौट रही एक नाव सरयू नदी में बह गई थी। जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी। मैंने तत्काल जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की टीम को भेजा, दर्जनों को लोगों को बचाया गया, पर 9 लोगों की जान हम नहीं बचा सके। प्रशासन की रिपोर्ट के बाद मैंने खुद क्षेत्र का मुआयना किया। यहां की स्थिति देखकर मेरी रूह कांप गई। मैंने देखा- यहां कई परिवार बीहड़ जंगल में रह रहे हैं। एक तरफ हाथी, बाघ, तेंदुए का खतरा है तो दूसरी ओर नदी में मगरमच्छों की कई खतरनाक प्रजातियां हैं। इन खतरों के बीच कई पीढ़ियों से ये परिवार रहने को मजबूर है। मैंने तभी इन परिवार को बेहतर और बेखौफ जीवन देने का निर्णय ले लिया था। इसी के तहत इन्हें अब मोतीपुर तहसील में पुनर्वास कराया जा रहा है। यहां इन्हें एक बेहतरीन कॉलोनी बनाकर बसाया जाएगा। स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पार्क जैसी सभी सुविधाएं मिलेंगी। सीएम ने बताया- भरतापुर की तरह ही बहराइच के अन्य 6 वन्य गांवों को हम राजस्व गांव में विकसित कर चुके हैं। अन्य जिलों में भी ये प्रयास जारी हैं। शारदीय नवरात्रि तक गृह प्रवेश की योजना
सीएम ने बताया- भरतापुर गांव के लोगों के लिए इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 748 वर्गफुट जमीन का पट्टा। आवास निर्माण के लिए करीब 17.70 लाख रुपए और अन्य सुविधाओं के लिए 3.55 लाख रुपए प्रति परिवार दिया गया है। डीएम बहराइच को निर्देश दिया गया है कि बेतरतीब ढंग से नहीं बेहतरीन ढंग से इस कॉलोनी का निर्माण कराया जाए। हमारी कोशिश रहेगी कि अभियान के तहत काम करते हुए शारदीय नवरात्रि तक इस कॉलोनी का निर्माण कर लाभुकों का गृहप्रवेश कराया जाए। अब बहराइच से लखनऊ तक का सफर सिर्फ 45 मिनट में
सीएम ने कहा- हमने बहराइच से राजधानी की कनेक्टिविटी को भी आसान किया है। मैं 12 साल पहले कार से बहराइच आया था तो मुझे दो घंटे लगे थे। फिर हमने डबल लेन रोड बनवाई, अब ये सफर सवा घंटे में होता है। अब इस रोड को फोन लेन करने जा रहे हैं। बहराइच से लखनऊ पहुंचने में सिर्फ 45 मिनट लगेगा। 2017 से माफिया को बढ़ावा देती थी सरकार
सीएम ने कहा- डबल इंजन की सरकार में यूपी की तस्वीर बदल रही है। 2017 से पहले यहां माफिया, दंगाइयों, गुंडों को बढ़ावा और संरक्षण मिलता था। त्योहार मनाने से लोग डरते थे कि कब दंगा न हो जाए। पर अब त्योहारों पर सन्नाटा नहीं, उत्सव का माहौल होता है। विपक्ष के जो लोग पहले अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करते थे, वे भी अब गुणगान कर रहे हैं। भाजपा ने तस्वीर बदली है। पहले बिजली नहीं दी जाती थी क्योंकि सरकारों के काले काम अंधेरे में होते थे। पर सभी को बिजली मिल रही है। माफिया और भ्रष्टाचार को तो हमने यूपी से साफ कर दिया है। यादव समेत सभी समुदाय हमारे परिवार का हिस्सा
सीएम ने कहा- 2017 से पहले सरकार को केवल एक ही यादव परिवार दिखता था। तब सरकार को भरतापुर के यादवों का ख्याल नहीं था। उनके प्रति कोई संवेदना नहीं थी। इनका पुनर्वास तो बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। पर पिछली सरकारों ने जातीय भेदभाव से समाज को इतना पीछे ढकेल दिया, जिसे हम आज तक भुगत रहे हैं। पर भाजपा, जातीय चश्मे से नहीं, संवेदना से सभी को देखती है। भरतापुर के यादव समेत पूरे यादव समाज और हर समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक, चाहे दलित हो,अनुसूचित जाति का हो, सभी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। ये थे मौजूद : कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और प्रभारी मंत्री बहराइच सूर्य प्रताप शाही, जिप अध्ण्यक्ष मंजू सिंह, विस सदस्य पदमसेन चौधरी, डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक सरोज सोनकर, सुरेश्वर सिंह, सुभाष त्रिपाठी, अनुपमा जायसवाल, रामनिवास वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिप अध्यक्ष बृजेश पांडेय, पूर्व मंत्री मुकट बिहारी, जिलाध्यक्ष अपना दल, जिलाध्यक्ष निषाद पार्टी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। ——————————— ये खबर भी पढ़िए… मैंने तुझसे बेपनाह प्यार किया, लेकिन तूने कदर नहीं की:मौत से पहले फेसबुक पर बनाया VIDEO, मैनपुरी में कारपेंटर ने फांसी लगाकर किया सुसाइड
मैनपुरी में पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर एक कारपेंटर ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मरने से कुछ ही दिन पहले उसने फेसबुक पर दो वीडियो भी पोस्ट किये। जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में कारपेंटर ने कहा- मेरी जिंदगी तबाह करने वाली.. मैं तो तुझसे बेपनाह प्यार किया था, पर तूने मेरे प्यार की क्रद नहीं जानी। मैंने तुझसे मांगा भी क्या था। बस दो पल की जिंदगी, पर तूने मुझे मौत दे दी। जा तू खुश रह…। एक अन्य वीडियो में कारपेंटर ने वीडियो में अपनी मौत का जिम्मेदार अपने सास-ससुर और पत्नी को ठहराया। पूरी खबर पढ़िए…

Leave a Reply