DniNews.Live

NCR रेलवे के पहलवान जोंटी कुमार को लक्ष्मण पुरस्कार मिला:सीएम योगी ने कुश्ती में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय पहलवान जोंटी कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘लक्ष्मण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें कुश्ती में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 24 मार्च को लखनऊ में आयोजित एक समारोह में उन्हें सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। जोंटी कुमार वर्तमान में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में सीसीटीसी पद पर कार्यरत हैं। रेलवे में अपनी सेवा के साथ उन्होंने खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर विभाग और देश का नाम रोशन किया है। दिल्ली के प्रसिद्ध हनुमान अखाड़ा से जुड़े जोंटी कुमार ने अपने करियर में कई राष्ट्रीय खिताब जीते हैं। इनमें चार बार ‘भारत केसरी’, तीन बार ‘यूपी केसरी’ और दो बार ‘भारत कुमार’ का खिताब शामिल है। उन्होंने नेशनल गेम्स में दो स्वर्ण पदक, सीनियर फेडरेशन कप में दो स्वर्ण पदक और सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक भी हासिल किए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जोंटी कुमार का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने अंडर-23 और सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के अलावा एशिया कुश्ती प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। उन्होंने सीनियर वर्ल्ड और एशियन कुश्ती प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है। उनकी इन सफलताओं के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उन्हें तीन बार ‘यूपी केसरी’ का खिताब जीतने पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और रेलवे खेल संघ के पदाधिकारियों ने जोंटी कुमार को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *