हरदोई में सल्लिया-पिहानी मार्ग पर एक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई। बाइक की टक्कर से हुए इस हादसे में महिला का बेटा और डेढ़ माह का पोता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना पिहानी कोतवाली क्षेत्र के राभा मोड़ के पास मंगलवार शाम को हुई। झाबर पुरवा निवासी 22 वर्षीय मोहित अपने डेढ़ माह के बीमार बेटे की दवा लेने पिहानी के एक निजी अस्पताल गए थे। उनके साथ 45 वर्षीय उनकी मां सताना और पुत्र भी था। साइकिल पर पीछे बैठीं सताना की गोद में मोहित का पुत्र था। सल्लिया-पिहानी मार्ग पर राभा मोड़ के पास बाइक सवार तीन लोगों ने उनकी साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से तीनों घायलों को पिहानी सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मोहित के बेटे और सतना को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार रात डॉ. शादाब ने सताना को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बाइक सवार तीनों लोग अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग गए। मृतका सताना के परिवार में उनके पति सर्वेश, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply