पीलीभीत के गांधी स्टेडियम में मंगलवार को सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने एक दिव्यांग युवक को स्मार्टफोन भेंट कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और ट्राई-साइकिल वितरित की जा रही थीं। इसी क्रम में शहर के खकरा मोहल्ले निवासी संजीव नामक दिव्यांग युवक को ट्राई-साइकिल मिलने के बाद उसने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से एक मोबाइल फोन की आवश्यकता जताई। संजीव की मांग सुनकर जिलाधिकारी ने तुरंत अपने स्टाफ को निर्देश दिए। उन्होंने अपने निजी स्तर पर एक नया स्मार्टफोन मंगवाया और कुछ ही देर में वह फोन संजीव को सौंप दिया गया। नया मोबाइल फोन पाकर संजीव ने उसी समय जिलाधिकारी को कॉल कर आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी के इस कदम की वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने सराहना की। यह पहली बार नहीं है जब जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने ऐसा मानवीय कार्य किया हो। इससे पहले भी वे जनसुनवाई के दौरान जरूरतमंदों को अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल भिजवाने और त्योहारों पर गरीबों की निजी खर्चे से मदद करने के लिए चर्चा में रहे हैं। जिले में उनके सरल और मददगार स्वभाव की प्रशंसा की जाती है।

Leave a Reply