![]()
अमरोहा में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप:मायके वालों ने पति समेत 9 लोगों पर दर्ज कराया केस
अमरोहा देहात में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। यह घटना देहात थाना क्षेत्र के मिलक पापड़ी गांव की है। यहां के निवासी गुलाम साबिर के तीसरे बेटे शकील की शादी दो साल पहले मुरादाबाद के अगवानपुर निवासी कय्यूम की बेटी मेहनाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही मेहनाज को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। शादी से दस दिन पहले भी दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर विवाद हुआ था, जिसे पुलिस के हस्तक्षेप से शांत कराया गया था। इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायतें हुईं थीं। मंगलवार देर शाम मेहनाज का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। पति शकील ने मायके वालों को फोन पर बताया कि मेहनाज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर मायके वाले मिलक पापड़ी पहुंचे और हंगामा किया। मायके वालों का आरोप है कि मेहनाज की हत्या की गई है और फिर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटका दिया गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की मां सायरा बानों की तहरीर पर पुलिस ने पति शकील, ससुर गुलाम साबिर, सास नफीसा, ननद सज्जो, देवर तारीक, जेठ साजिद व गुल्लन, तथा जेठानी रुकैया व शमा सहित कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक शौकेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply