फिरोजाबाद पुलिस ने आठ दिन पहले नहर में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने खुलासा किया है कि अवैध संबंधों के शक में एक ट्रक चालक ने युवक की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला थाना एका क्षेत्र का है। 17 मार्च को गांव जेड़ा के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान गांव हथौली जयसिंहपुर निवासी अरविंद के रूप में हुई। जांच के दौरान सामने आया कि अरविंद का गांव के ही निवासी योगेश उर्फ कन्हैया के घर आना-जाना था। योगेश पेशे से ट्रक ड्राइवर है। उसे अरविंद पर अपनी पत्नी और बहन के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के कारण उसने हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को योगेश ने अरविंद को अपने पास बुलाया और उसे शराब पिलाई। जब अरविंद नशे में हो गया, तब आरोपी ने अंगोछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को पास की नहर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। थाना एका के इंस्पेक्टर संजुल कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाया और आरोपी की तलाश शुरू की। कड़ी पूछताछ में योगेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धारु पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया अंगोछा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply