संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के पटखौली गांव में पट्टीदारी विवाद के दौरान सूचना पर घटना स्थल पहुंची पीआरबी पुलिस पर पथराव किया गया, इसकी सूचना मिलने पर तत्काल सीओ अमित कुमार समेत कोतवाली की भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर गांव में शांति व्यवस्था बहाल की। हालांकि पुलिस के किसी भी जवान को चोट नहीं लगी। यह घटना मंगलवार देर शाम की है, जब पट्टीदारों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। नशे में गाली-गलौज के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रथम पक्ष के मिनकू यादव व राजाराम यादव तथा द्वितीय पक्ष के सर्वजीत यादव, राजन यादव और साजन यादव के बीच पहले कहासुनी हुई। आरोप है कि नशे में धुत एक पक्ष द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने पर विवाद बढ़ गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। पथराव के दौरान पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) कर्मियों को भी चोटें आईं। घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस पर पथराव की सूचना मिलते ही सीओ सदर अमित कुमार, इंस्पेक्टर क्राइम राकेश कुमार सिंह व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाल जयप्रकाश दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply