झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में महिला के शव की बेकदरी के मामले में एक्शन हुआ है। कॉलेज प्रशासन ने सुपरवाइजर पवन कुमार को सस्पेंड कर दिया। सेकेंड सुपरवाइजर आशीष का वेतन रोक दिया गया, जबकि आउटसोर्स कर्मी मुकेश की सेवा समाप्त कर दी गई। वहीं, नर्सिंग स्टाफ अवीस कुमार से जवाब तलब किया गया है। इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। मॉर्च्युरी में महिला के शव की आंख और कान चूहे कुतर गए थे। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया था। इसके बाद एक्शन हुआ है। महिला ने मायके में जहर खा लिया था गुरसराय के सिरबो गांव की रहने वाली क्रांति देवी (26) की शादी लगभग 8 साल पहले टीकमगढ़ के सतवारा गांव निवासी प्रीतम पटेल से हुई थी। पति शराब पीकर झगड़ा करता था। इस वजह से क्रांति घर छोड़कर मायके आ गई थी। 28 नवंबर को परिजन खेत पर गए थे। घर पर क्रांति और उसकी भाभी थी। इस दौरान क्रांति ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे गुरसराय सीएचसी ले गए। वहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार को क्रांति की मौत हो गई। क्रांति की कोई संतान नहीं है। मॉर्च्युरी में शव रखवाने के पैसे लिए थे मृतका के भाई सक्षम पटेल ने बताया था- हम लोगों ने बहन के शव को मॉर्च्युरी में फ्रीजर के अंदर रखवाया था। जो कर्मचारी शव रखवाने के लिए आया था, वो हम लोगों से 400 रुपए ले गया था। शनिवार को लगभग 18 घंटे बाद शव निकालने मॉर्च्युरी में पहुंचे। जब फ्रीजर से शव को बाहर निकाला तो चूहे एक कान, आंख और हाथ को कुतर चुके थे। बहन के शरीर पर जख्म थे। इसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया था। तब मामला तूल पकड़ गया। साफ सफाई भी कराई गई है मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मयंक सिंह ने बताया न सिर्फ जांच में दोषी मिले कर्मियों पर कार्रवाई की है बल्कि अन्य कर्मियों को स्पष्ट हिदायत देते हुए कहा है कि मोर्चरी में शव सुरक्षित रखना सुनिश्चित करें। फिलहाल मोर्चरी की साफ सफाई कराई गई है।
https://ift.tt/zNFeQCc
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply